
जौनपुर:लायंस क्लब जौनपुर रॉयल का भव्य तीज महोत्सव संपन्न
जौनपुर:लायंस क्लब जौनपुर रॉयल का भव्य तीज महोत्सव संपन्न
रितु सेठ बनीं तीज क्वीन, एकता गुप्ता द्वितीय व प्रीति जायसवाल तृतीय
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। लायंस क्लब जौनपुर रॉयल की ओर से शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में भव्य तीज महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में राधा रानी थीम आकर्षण का केंद्र रही। क्लब की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती से हुआ। इसके बाद राधा रानी रूप-सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में प्रणिता सेठ एवं स्वीटी जायसवाल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में रितु सेठ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि एकता गुप्ता द्वितीय और प्रीति जायसवाल तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा और राधा रानी की मनमोहक झांकियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक निहारिका बरनवाल एवं प्रगति कसौधन का विशेष योगदान रहा। दोनों ने अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब जौनपुर रॉयल की प्रथम महिला प्रीति गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष रेनू बैंकर एवं विभा गुप्ता ने तीज पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
क्लब की महिला सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति से पूरा आयोजन यादगार बन गया। प्रेम, सौहार्द, भक्ति और उत्सव के रंगों से सजा यह तीज महोत्सव सभी के लिए आनंद एवं उल्लास से भरपूर रहा।









