
जौनपुर:दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
जौनपुर:दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। सरपतहां थाना क्षेत्र के बरौत माइनर पुल के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहां रास्ते में भटौली गांव निवासी लक्ष्मण (35) पुत्र बिरजू ने दम तोड़ दिया।
वहीं, राजधरपुर गांव निवासी अवनीश यादव पुत्र अजीत की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि लक्ष्मण बाइक से नहर की पटरी के रास्ते सरायमोहिउद्दीनपुर की ओर जा रहे थे। बरौत माइनर पुल के पास सामने से आ रही अवनीश यादव की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मण के परिजन मौके पर पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी माधुरी का रो-रोकर बुरा हाल है। लक्ष्मण की मौत से उनके दो मासूम बेटों प्रांजल (4) और पीयूष (2) के सिर से पिता का साया उठ गया।
मृतक की मां सुदामा भी बेटे की मौत से बेसुध हैं। तीन भाइयों में लक्ष्मण दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई विनोद और छोटे भाई कृष्ण कुमार हैं।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।














