
मानीकलां में बारिश से जलभराव, व्यापारियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी; सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
मानीकलां में बारिश से जलभराव, व्यापारियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी; सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
मानीकलां, जौनपुर। (उत्तरशक्ति)। विकास खंड सोधी शाहगंज क्षेत्र के कस्बा मानीकलां में बारिश के बाद जलभराव की समस्या ने व्यापारियों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नसीराबाद चौक स्थित जामा मस्जिद कटरा में जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने से राहगीरों और दुकानदारों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी लंबे समय तक नहीं निकल पाता, जिससे ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है और व्यापार प्रभावित होता है। जलभराव के कारण गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2012 से 2017 के बीच तत्कालीन विधायक नदीम जावेद द्वारा बनवाए गए मार्ग के दोनों किनारों पर नालों का निर्माण कराया गया था, लेकिन लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बारिश होते ही जाम नालों का पानी सड़क पर फैल जाता है।
नागरिकों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था की लापरवाही के कारण सरकार के स्वच्छता अभियान की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां एक ओर जिलाधिकारी स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
व्यापारियों और ग्रामीणों ने प्रशासन
से मांग की है कि नालों की तत्काल सफाई कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।



















