
जौनपुर:जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल; पीड़ित ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
जौनपुर:जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल; पीड़ित ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
जितेन्द्र कन्नौजिया केराकत तहसील शाहगंज
केराकत, जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। थाना क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता गायत्री देवी पत्नी झगड़ू ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि दिनेश, रमेश, भोला, चंदन, रतन, प्रिया समेत अन्य लोग एकजुट होकर उनकी जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे। विरोध करने पर विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान पीड़िता के पुत्र इंदल पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी गर्दन में गंभीर चोट आई। वहीं पीड़िता के साथ भी डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना में परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















