
कलापुर ,जौनपुर:बादशाही फीडर की बदहाल व्यवस्था: कलापुर में बिजली बनी ‘मेहमान’, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
कलापुर ,जौनपुर:बादशाही फीडर की बदहाल व्यवस्था: कलापुर में बिजली बनी ‘मेहमान’, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
18 घंटे आपूर्ति के दावों पर उठे सवाल, भीषण गर्मी में अंधेरे और कटौती से बेहाल हैं लोग
खेतासराय, जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। सोंधी शाहगंज विकास खंड के कलापुर गांव में विद्युत आपूर्ति की अनियमित व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। बादशाही फीडर से होने वाली बिजली आपूर्ति इन दिनों लगातार बाधित रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली की कटौती आम बात हो गई है। दिन और रात में कई बार बिना किसी सूचना के आपूर्ति बाधित कर दी जाती है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ खेती-किसानी, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। बार-बार ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या से विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना हुआ है।
इस संबंध में उत्तरशक्ति हिन्दी दैनिक के उप संपादक डॉ. इम्तियाज अहमद ने दूरभाष के माध्यम से संबंधित जेई संजय से बातचीत की। जेई ने क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति होने की बात कही, जबकि ग्रामीणों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जमीनी स्थिति विभागीय दावों से बिल्कुल अलग है।
गौरतलब है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करती है, लेकिन कलापुर के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें निर्धारित समय के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। इससे विभागीय दावों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। समाजसेवी जौहर अब्बास, नासिर, कृष्णा मौर्य, मंतोष, विकास गुप्ता, बृजेश राजभर, दिवांशु गौतम, अहमद, तनवीर मेहंदी, राजेन्द्र, अजीज, अब्दुल कलाम और बबलू समेत अनेक ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उपशीर्षक: बादशाही फीडर की अनियमित आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की।