
मानीकलां के बदहाल सामुदायिक शौचालय को लेकर कस्बावासियों की नए जिलाधिकारी से गुहार
मानीकलां के बदहाल सामुदायिक शौचालय को लेकर कस्बावासियों की नए जिलाधिकारी से गुहार
मानीकलां,जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। विकास खण्ड सोधी शाहगंज क्षेत्र के कस्बा मानी कलां स्थित बस्ती में बना सामुदायिक शौचालय इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। शौचालय की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग उसके अंदर जाने से भी कतराने लगे हैं। जगह-जगह फर्श और दीवारें टूटी हुई हैं, जबकि आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समय शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, ऐसे में बाहर से आने वाले मेहमानों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई कर्मी की नियुक्ति होने के बावजूद नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है, जिससे दुर्गंध और गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति से क्षेत्र की छवि भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने जनपद के नए जिलाधिकारी से मांग की है कि सामुदायिक शौचालय की जल्द मरम्मत कराकर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधा मिल सके।
कस्बावासियों का कहना है कि इसी माह क्षेत्र निवासी वीरेन्द्र कुमार के यहां विवाह समारोह भी है, जिससे आने वाले मेहमानों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इस दौरान सोहन, पप्पू, विधायक, हंसराज समेत कई स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।


























