
जौनपुर: बेकाबू बाइक ने मासूम को कुचला, 8 वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार के तीन सदस्य घायल
जौनपुर: बेकाबू बाइक ने मासूम को कुचला, 8 वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार के तीन सदस्य घायल
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। जिले के पवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सजई कला गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने सड़क पार कर रहे 8 वर्षीय मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब मासूम अपने परिवार के सदस्यों के साथ सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार भी अपना संतुलन खो बैठा और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गए जहां पर उनका उपचार जारी है। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

























