Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर:मंत्री-डीएम की कवायद भी बेअसर, 21 घंटे बाद माने परिजन

0 59

 

जौनपुर:मंत्री-डीएम की कवायद भी बेअसर, 21 घंटे बाद माने परिजन

आरोपियों की गिरफ्तारी व तीन और नामजदगी पर अड़े रहे, पूर्व सांसद धनंजय सिंह के हस्तक्षेप से बनी सहमति

शुक्रवार रात बारात के दौरान दूल्हे की गोली मारकर हत्या, आठ सहयोगियों पर भी पुलिस की कार्रवाई

डॉ. इम्तियाज अहमद

जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में युवक की हत्या के बाद रविवार को दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने के बावजूद परिजन करीब 21 घंटे तक अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ तीन अन्य लोगों को नामजद करने की मांग पर अड़े रहे।मंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद वे नहीं माने।अंततः पूर्व सांसद धनंजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ सका और परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

रविवार सुबह प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया,लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।इसके बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी दोपहर तक मौके पर डटे रहे और परिजनों को मनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन परिजन अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं थे।परिजनों का साफ कहना था कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और तीन अन्य लोगों,जिनमें एक पड़ोसी गांव का वर्तमान प्रधान, एक भाजपा से जुड़ा व्यक्ति और एक स्थानीय युवक शामिल है—को नामजद नहीं किया जाएगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।स्थिति तब बदली जब पूर्व सांसद धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे।उन्होंने मृतक के स्वजन से अलग-अलग वार्ता कर उन्हें समझाया। काफी देर की मशक्कत के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए।इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।

21 घंटे तक चला गतिरोध….

शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया था।इसके बाद से लेकर रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक परिजन शव घर पर रखकर विरोध करते रहे। इस दौरान गांव और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

ऐसे हुई वारदात….

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद की बारात शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी। बारात निकलते ही शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही के पास बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में दूल्हे की कार रोक ली और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।हमले में आजाद की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे बारात में अफरा-तफरी मच गई।

इन पर दर्ज हुआ मुकदमा….

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों में जपटापुर निवासी शोले राजभर, खेतासराय सोंधी निवासी रवि यादव और आजमगढ़ के बरदा निवासी प्रदीप बिंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।इसके अलावा आरोपियों को शरण देने और फरार कराने में मदद करने के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।घटना के बाद से पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow