
जौनपुर:थ्रेसर मशीन में फंसा दुपट्टा, युवती गंभीर रूप से घायल
जौनपुर:थ्रेसर मशीन में फंसा दुपट्टा, युवती गंभीर रूप से घायल
शाहगंज, जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। क्षेत्र के कोतवाली अंतर्गत कोहड़ा गांव में मंगलवार को गेहूं की मड़ाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। थ्रेसर मशीन में दुपट्टा फंसने से 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव कोहड़ा निवासी सोनम (22), पुत्री रमेश, अपने परिजनों के साथ खेत में थ्रेसर मशीन से गेहूं की मड़ाई कर रही थी। इसी दौरान वह गेहूं का बोझ मशीन में डाल रही थी कि अचानक उसका दुपट्टा मशीन के पंखे में फंस गया। इससे उसका सिर भी पंखे की चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल युवती को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
फिलहाल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।