
अनियंत्रित ऑटो पलटी, दो की मौत, तीन घायल
अनियंत्रित ऑटो पलटी, दो की मौत, तीन घायल
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोईरीडीहा दिया मार्केट के पास बुधवार सुबह लगभग 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार यात्री अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोईरीडीहा मार्केट के पास चालक संतुलन खो बैठा और ऑटो पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान गुलाब चंद्र (55 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घायलों में निलेश (22 वर्ष) पुत्र फेकू गौतम निवासी फतेहपुर, दीदारगंज (जनपद आजमगढ़), इंतजार (23 वर्ष) पुत्र मुमताज निवासी बारा दूरियां, कटघरा कोतवाली तथा नीतू (55 वर्ष) पत्नी अजय सोनकर निवासी सुगरपुर, गुरैनी, खेतासराय शामिल हैं। सभी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना पर खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















