
जौनपुर पहुंचे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, संभल के सीओ के बयान की निंदा; 2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संकेत
जौनपुर पहुंचे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, संभल के सीओ के बयान की निंदा;
2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संकेत
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली शनिवार को जौनपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी द्वारा शहर में आयोजित भव्य इफ्तार पार्टी में शिरकत की। इफ्तार कार्यक्रम में हजारों की संख्या में रोजेदारों और मेहमानों ने भाग लिया, जिसमें सभी वर्गों और समुदायों के लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
इफ्तार पार्टी के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में शौकत अली ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संभल के सीओ कुलदीप कुमार द्वारा मुसलमानों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी को इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि यदि पीस कमेटी की बैठकों में किसी समुदाय विशेष का अपमान किया जाता है तो मुस्लिम समाज को ऐसी बैठकों का बहिष्कार करना चाहिए। संवाद हमेशा सम्मान के साथ होना चाहिए, किसी समुदाय को अपमानित करना उचित नहीं है।
इजराइल के समर्थन में कुछ लोगों द्वारा हवन किए जाने के मुद्दे पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय ऐसी टिप्पणियां क्यों नहीं की गईं।
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं।
गैस सिलेंडर को लेकर लगने वाली लाइनों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लाइन तो भारतीय जनता पार्टी को ही शोभा देती है। जब-जब लोग लाइन में लगे हैं, तब-तब बीजेपी को फायदा हुआ है, चाहे वह नोटबंदी का समय रहा हो या कोविड काल। वहीं पीडीए के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बनकर रह गया है। AIMIM को बी-टीम कहे जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।नइस अवसर पर पूर्वांचल संयुक्त सचिव जावेद सिद्दीकी, प्रदेश संयुक्त सचिव एवं प्रभारी सैय्यद मुंतज़िर, जिला महासचिव शाह नेयाज अहमद, इरशाद अहमद, यासिर खान, निखिलेश सिंह, सलीम खा, डॉ .गुलाम रब्बानी खान
,मजनू राम गौतम, कामरान अहमद, अकरम, अम्लेश राजभर सहित सभी विधानसभा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।



















