
जौनपुर:यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, 1498 वाहनों का चालान
जौनपुर:यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, 1498 वाहनों का चालान
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस और जनपद के सभी थानों की पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया।
अभियान के तहत जिले के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की बारीकी से जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जनपद में कुल 1498 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जनपद में सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
















