
जौनपुर:साईं नदी में स्नान के दौरान युवक की डूबकर मौत
जौनपुर:साईं नदी में स्नान के दौरान युवक की डूबकर मौत
जौनपुर ( उत्तरशक्ति ) । जलालपुर थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव निवासी एक 28 वर्षीय युवक की बुधवार शाम सई नदी में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव डूबने वाले स्थान से लगभग 200 मीटर दूर इजरी गांव की दिशा में बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बीबनमऊ गांव निवासी 28 वर्षीय नानक उर्फ अवनीश यादव पुत्र शिवशंकर यादव अपने तीन साथियों के साथ गांव के पास स्थित हनुमान मंदिर के समीप सई नदी में स्नान करने गया था। सभी युवक तैरकर नदी के उस पार गए थे। वापस लौटते समय नानक अचानक गहरे पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और खोजबीन में सहयोग किया। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।













