
जौनपुर:अडानी गैस पाइपलाइन में भीषण रिसाव, आग से मचा हड़कंप; दो झुलसे, बड़ा हादसा टला
अडानी गैस पाइपलाइन में भीषण रिसाव, आग से मचा हड़कंप; दो झुलसे, बड़ा हादसा टला
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पुलिस चौकी सिपाह के पास चाचकपुर फूल मंडी के आगे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अडानी गैस पाइपलाइन के सर्विस रेगुलेटर बोर्ड में जेसीबी की टक्कर से तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। अचानक हुए रिसाव से इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा गैस रिसाव रोकने का प्रयास किया जा रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें पास में स्थित बांस की कोठ तक पहुंच गईं। आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाके में संभावित विस्फोट की आशंका से लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन चौकियां से अग्निशमन अधिकारी जौनपुर के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने जान जोखिम में डालकर फायर एक्सटिंग्युशर, बुलेट और बाल्टी की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान दो लोग आंशिक रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। कर्मचारियों ने गैस लीकेज को पूरी तरह बंद कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा विस्फोट हो सकता था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।








