
आजमगढ़ : फंदे से लटकी मिली किशोरी, पेड़ से लटका मिला युवक का शव
आजमगढ़ : फंदे से लटकी मिली किशोरी, पेड़ से लटका मिला युवक का शव
इलाके में सनसनी, कक्षा आठ के छात्रा की मां ने देखा मार्मिक दृश्य, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़ ( उत्तरशक्ति )। जनपद में मंगलवार की सुबह दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फंदे से लटके शव मिलने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। एक ओर जहां मेंहनगर क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी का शव कमरे के भीतर लटका मिला, वहीं महराजगंज क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक का शव गांव के सिवान में पेड़ से झूलता मिला। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के गुरैथा गांव निवासी 15 वर्षीय अनुशिका पासवान क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। सोमवार रात वह प्रतिदिन की तरह परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने छोटे भाई अंश के साथ अलग कमरे में सोने चली गई थी। मंगलवार सुबह जब मां प्रीति उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा खोलते ही वह स्तब्ध रह गईं। अनुशिका चुल्ले से गमछे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर मां बेहोश हो गईं। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दूसरी घटना महराजगंज थाना क्षेत्र के चक शिव गुलाम बढ़ई का पूरा गांव की है। 23 वर्षीय राजू विश्वकर्मा गांव में घूम-घूमकर फर्नीचर बनाने का कार्य करते थे। सोमवार शाम काम से लौटने के बाद वह भोजन कर अपने कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह जब पिता सतिराम उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर नहीं मिले। खोजबीन के दौरान पिता गांव के सिवान की ओर गए, जहां रास्ते में शीशम के पेड़ से लुंगी के सहारे राजू का शव लटकता मिला। यह देख उनके होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। इधर, दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक व चर्चा का माहौल बना हुआ है।













