
जौनपुर:पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर गूंजा देशभक्ति के नारों से पुलवामा शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
जौनपुर:पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर गूंजा देशभक्ति के नारों से पुलवामा शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
जौनपुर ( उत्तरशक्ति ) । वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर मेंदिव्यांशु सिंह के नेतृत्व में छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हाथों में मोमबत्तियां जलाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्र नेता दिव्यांशु सिंह ने कहा कि पुलवामा में वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी शहादत राष्ट्र की अस्मिता, साहस और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। भारत का प्रत्येक नागरिक भारतीय सेना का सिपाही है और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए सदैव सजग रहेगा।
आज का युवा वर्ग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कर्तव्यों का निर्वहन करे, यही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पुलवामा घटना ने देश को एकजुट किया था और आज भी यह संदेश देती है कि संकट में राष्ट्र एक साथ खड़ा होता है। हमें सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति को सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में पृथ्वीराज सिंह, साईं राम यादव, पवन यादव, शुभम, रवि, मोनू, शंभूनाथ, आलोक पंडित, नीतिश, दीपक, बिपुल मिश्रा, रजनीश यादव, अनिकेत बिंद सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित सभी ने देश की एकता-अखंडता की रक्षा और शहीदों के त्याग को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। छात्र संघर्ष मोर्चा जौनपुर












