
जौनपुर : भीड़भाड़ वाले इलाके में बेखौफ बदमाशों की दुस्साहसिक वारदात
शादी समारोह में जा रही महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए नकाबपोश, इलाके में दहशत
विशाल सोनी- शाहगंज तहसील संवाददाता
शाहगंज,जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। शादियों के सीजन में जहां शहर के होटल, मैरेज हॉल और सड़कें उत्सव के रंग में रंगी हुई हैं, वहीं इसी भीड़-भाड़ और चहल-पहल का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार की रात शाहगंज नगर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई एक घटना ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे पुरानी बाजार निवासी अनीता सोनी, पत्नी रजनीश सोनी, अपने घर से पांच अन्य महिलाओं के साथ नगर के हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही वे चूड़ी मुहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, छीनी गई सोने की चेन की कीमत खरीद के समय लगभग दो लाख रुपये थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हर पहलू से मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।











