
जौनपुर,सुइथाकला:समस्या को छिपाए नहीं खुलकर बताएं: थानाध्यक्ष
जौनपुर,सुइथाकला:समस्या को छिपाए नहीं खुलकर बताएं: थानाध्यक्ष
श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में महिला सशक्तिकरण मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। सुइथाकला क्षेत्र के श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में बुधवार को महिला सशक्तिकरण अभियान अंतर्गत मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू, स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त डॉ रणजीत सिंह और थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह के हाथों उत्तर-प्रदेश दिवस पर आयोजित रंगोली, भाषण, प्रश्नोत्तरी और पोस्टर प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त छात्राओं को सम्मानित किया गया। जागरुक करते हुए कहा कि उनके साथ यदि किसी प्रकार का उत्पीड़न होता है तो समस्याओं को छुपाए नहीं बल्कि खुलकर बताएं। थानाध्यक्ष ने कहा कि आपके माता-पिता और भाई से बड़ा हितैषी कोई नहीं हो सकता इसलिए उनसे अपनी समस्या स्पष्ट रूप से बताएं। यदि कोई भी मनचला उन्हें बेवजह परेशान करता है या छेड़छाड़ करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए शासन ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर डायल करें, आपकी शिकायत तुरंत सुनी जाएगी।
पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार है और आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत, पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सम्मान पाने के लिए बेटियों का शिक्षित होना जरूरी है। बेटियां तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरे देश में सफलता का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता की बुलंदियों को छूने के लिए कठिन परिश्रम, त्याग और समर्पण जरूरी है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित करके तैयारी करने पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि प्रशासनिक सेवाओं, न्याय, अंतरिक्ष, विज्ञान, खेलकूद जैसे क्षेत्र में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू और प्रधानाचार्य डॉ अजेय प्रताप सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सरकार और प्रशासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए पुलिस का आभार प्रकट किया। संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता विनय त्रिपाठी ने किया।







