
गोमती नदी में डूबे किशोर की तीसरे दिन मिला शव

प्रियेश गुप्ता रुद्रजौनपुर,(उत्तरशक्ति)।जफराबाद थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी 15 वर्षीय नितिन सिंह की लाश तीसरे दिन गोमती नदी के केशवपुर के मलुही घाट पर मिली।जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। नितिन के दरवाजे पर सैकड़ों लोग जमा हो गए।और पूरा गांव शोक में डूब गया। ज्ञात हो कि नितिन के परिवार में धुरेन्द्र सिंह की माता का निधन तीन अक्टूबर को हुआ था। परिवार के लोग जगदीशपुर पम्प कैनल के पास घाट पर नहाने गए थे।रविवार को दादी के श्राद्ध के दौरान नितिन, जो धुरेन्द्र का पुत्र था। गोमती नदी में नहाते समय डूब गया। उसके साथ चार अन्य लड़के भी थे।जिनमें से तीन को स्थानीय लोगों ने बचा लिया था।स्थानीय पुलिस और गोताखोर नितिन को खोजने में जुटे रहे।लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। अंततः थानाप्रभारी जयप्रकाश यादव ने अधिकारियों से बात कर वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम को बुलवाया। एनडीआरएफ टीम ने नदी में तीन किलोमीटर तक खोजबीन की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली, और रात को टीम वापस लौट गई।
मंगलवार की सुबह, मछुआरों द्वारा लगाए गए जाल में नितिन का शव फंसा हुआ पाया गया। मछुआरों ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और थानाप्रभारी जयप्रकाश यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। शव को घर लाया गया।जहां नितिन की मां सहित अन्य परिवार के सदस्य उसका अंतिम दर्शन करने के लिए बेसुध होकर गिर पड़े। परिवार के अन्य सदस्य भी रो-रोकर बेहाल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव शोक डूबा है।