
सोनभद्र: छात्रा का शव इमली के पेड़ से लटकता पाए जाने से सनसनी,
सोनभद्र: छात्रा का शव इमली के पेड़ से लटकता पाए जाने से सनसनी,
सोनभद्र(उत्तरशक्ति) जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बरवें गांव में गुरुवार की सुबह घर से कुछ दूर कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा का शव इमली के पेड़ में रस्सी के सहारे लटकता मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भिजवाया।
जानकारी के अनुसार शकुंती (15) पुत्री रमाशंकर गोंड निवासी बरवें का शव गुरुवार को घर से कुछ दूरी पर इमली के पेड़ से लटकता मिला। बेटी का शव देखते ही माता-पिता के होश उड़ गए। वहीं दोनों भाई फूट- फूटकर रोने लगे।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को शकुंती घर से दोपहर बाद बगैर बताए ही निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटी तो आस-पास में खोजबीन किया गया। मगर, उसका कहीं पता नहीं चला। इधर, गुरुवार की सुबह जब लोग अपने खेत की ओर जा रहे थे तो पेड़ पर लटकते हुए शव को देखा। जब नजदीक जाकर देखा तो वह शकुंती का ही शव था। बेटी के शव को देखते ही माता-पिता के होश उड़ गए। परिवार के सभी लोग दहाड़े मारकर रोने लगे। शकुंती कक्षा 10वीं की छात्रा थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह दो भाईयों के बीच इकलौती बहन थी। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों की आंखें भी भर आईं।
घटना की सूचना बभनी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।