
अल-फारूक पब्लिक स्कूल में दीपोत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता को
अल-फारूक पब्लिक स्कूल में दीपोत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता
सुईथाकलां, जौनपुर ( उत्तरशक्ति)। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अल-फारूक पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीप सज्जा, दीप पेंटिंग, पेपर क्राफ्ट एवं हाउस-वाइज रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस गतिविधि में नर्सरी से कक्षा 1 तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगीन कागजों से आकर्षक दीप तैयार किए तथा उनमें सुंदर रंग भरकर अपनी बाल-सुलभ कल्पनाशीलता का परिचय दिया। वहीं कक्षा 2 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के मिट्टी के दीपों को आकर्षक रंगों, सुंदर डिजाइनों एवं कलात्मक आकृतियों से सजाकर मनमोहक कलाकृतियाँ तैयार कीं।
कनीज़ फातमा के निर्देशन एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि में बच्चों ने अद्भुत रचनात्मकता और उत्साह का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंग-बिरंगी दीप कलाकृतियाँ इतनी आकर्षक थीं कि उन्हें देखकर हर कोई बच्चों की प्रतिभा की सराहना करने को विवश हो गया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में हाउस-वाइज रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में ब्लू हाउस ने प्रथम, येलो हाउस ने द्वितीय तथा रेड एवं ग्रीन हाउस ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगों के सुंदर संयोजन, आकर्षक डिजाइनों और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
इस आयोजन में साधना सिंह, अमृता यादव, सावित्री, माला सिंह, कोमल गुप्ता, ज़ेबा खान, माहेरा गुफरान, सबीहा खान, मिस्बा खान, शफक खान, मरियम खान, सुधीश सिंह, बसंत मिश्रा, ज़मीर खान, पवन कुमार एवं राम सागर यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सामूहिक प्रयासों एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल, टीम भावना और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, विजेता सदनों एवं सहयोगी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।










