Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर:मासिक धर्म की समस्याओं पर छात्राओं को किया जागरूक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा यादव ने दिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव

0 67

जौनपुर:मासिक धर्म की समस्याओं पर छात्राओं को किया जागरूक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा यादव ने दिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव

 

अरशद अली

मछलीशहर ,जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। क्षेत्र के नखतपुर स्थित पहलवान गुरुदीन ग्रुप ऑफ कॉलेज में सोमवार को छात्राओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म (पीरियड्स) से जुड़ी समस्याओं को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीएमओएस (PMOS) अवेयरनेस कार्यक्रम के तहत छात्राओं को महावारी के दौरान होने वाली शारीरिक परेशानियों, स्वच्छता, पोषण और इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेज बहादुर सेवा अस्पताल, मछलीशहर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा यादव (MBBS, MS) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के शरीर में होने वाली एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है। इस दौरान कुछ शारीरिक बदलाव और परेशानियां होना सामान्य है, लेकिन अत्यधिक दर्द, अनियमित मासिक धर्म, असामान्य रक्तस्राव अथवा संक्रमण जैसी समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श अवश्य लेना चाहिए।

डॉ. पूजा यादव ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी पैड का सही तरीके से इस्तेमाल करने, समय-समय पर पैड बदलने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महावारी को लेकर समाज में फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है। छात्राओं को इस विषय पर खुलकर बात करनी चाहिए, क्योंकि सही जानकारी और समय पर चिकित्सकीय सलाह से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में तेज बहादुर सेवा अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज यादव (MBBS, MD) ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने किशोरावस्था में बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास, हार्मोनल बदलाव और इस उम्र में स्वास्थ्य के प्रति बरती जाने वाली सावधानियों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जिज्ञासाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों के सामने रखा। डॉ. पूजा यादव ने छात्राओं के सवालों का जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना और मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक झिझक को समाप्त कर उनमें जागरूकता बढ़ाना रहा।

 

Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow