
11 करोड़ राम नाम लेखन से गूंजा जौनपुर, इंडिया और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि
11 करोड़ राम नाम लेखन से गूंजा जौनपुर, इंडिया और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि
ज्ञान प्रकाश सिंह की श्रीराम कथा में रचा गया इतिहास, श्रद्धालुओं की सामूहिक भक्ति ने बनाया अनूठा कीर्तिमान
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। धर्म और आस्था की नगरी जौनपुर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान रामभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में वरिष्ठ भाजपा नेता, उद्योगपति एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने 11 करोड़ एक बार राम नाम लिखकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
प्रख्यात कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज की प्रेरणा और मार्गदर्शन में राम नाम लेखन का विशेष अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का परिचय देते हुए भक्तों ने सामूहिक रूप से निर्धारित लक्ष्य पूरा किया।
इस उपलब्धि पर दोनों रिकॉर्ड संस्थाओं के प्रतिनिधि संजय भोला ने ज्ञान प्रकाश सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही पूरा कथा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह को बधाई दी।
इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों बार प्रकट हुई श्रद्धा और भक्तों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभियान में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।
उन्होंने आचार्य शांतनु जी महाराज का विशेष अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से राम नाम लेखन जैसे आध्यात्मिक अभियान को इतनी बड़ी सफलता मिली है।
नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। 11 करोड़ एक बार राम नाम लेखन की यह उपलब्धि जौनपुर के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल के लिए गौरव का विषय बन गई है।