Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर:स्कूल की मैजिक से कुचलकर साढ़े तीन वर्षीय मासूम की मौत

0 118

 

स्कूल की मैजिक से कुचलकर साढ़े तीन वर्षीय मासूम की मौत

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, बहनों की चीख-पुकार से मचा हड़कंप

केराकत, जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। स्थानीय क्षेत्र के पचवर गांव में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे दर्दनाक हादसे में स्कूल की मैजिक की चपेट में आने से साढ़े तीन वर्षीय मासूम आरव गौड़ पुत्र सुनील गौड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बताया गया कि आरव अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान ग्राम मीरपुर स्थित एकेएस एकेडमी की पीले रंग की मैजिक संख्या UP62 BT 3956 की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरव की बड़ी बहनें माही और प्राची इसी स्कूल में पढ़ती हैं। भाई को वाहन के नीचे दबा देखकर दोनों बहनें चीखने-चिल्लाने लगीं। आरोप है कि हादसे के बाद चालक मैजिक को स्कूल की ओर ले गया और परिसर में वाहन खड़ा कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मैजिक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। बताया गया कि स्कूल संचालक भी मौके से चला गया। मामले की जानकारी प्रधानाचार्या को दी गई।

मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत से परिजनों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो गया।

क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल मैजिक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow