
आजमगढ़: पोखरे में डूबने से दो किशोरों की मौत, बचाने गया दोस्त भी नहीं बच सका
आजमगढ़: पोखरे में डूबने से दो किशोरों की मौत, बचाने गया दोस्त भी नहीं बच सका
लालगंज ,आजमगढ़ ( उत्तरशक्ति )। देवगांव थाना क्षेत्र के कालीचाबाद गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पोखरे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कालीचाबाद गांव निवासी अंशु मौर्य (17 वर्ष) दोपहर करीब 12 बजे गांव के पोखरे में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए किनारे पर खड़ा अल्तमस (16 वर्ष) तुरंत पोखरे में कूद गया, लेकिन बचाने के प्रयास में वह भी गहरे पानी में समा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकाला। परिजन उन्हें लेकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर देवगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


















