
मानीकलां, जौनपुर :16 माह से जाम पड़ी नाली, घरों में भर रहा गंदा पानी; मानीकलां के लोगों में आक्रोश, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
मानीकलां, जौनपुर :16 माह से जाम पड़ी नाली, घरों में भर रहा गंदा पानी; मानीकलां के लोगों में आक्रोश, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
मानीकलां, जौनपुर (उत्तरशक्ति)। विकास खंड सोधी शाहगंज क्षेत्र के कस्बा मानीकलां में स्थित कम्पोजिट विद्यालय के निकट, मस्जिद जन्नतुल फिरदौस के पश्चिमी हिस्से में मोहल्ले की नाली पिछले लगभग 16 माह से जाम पड़ी है। नाली की नियमित सफाई न होने के कारण घरों से गंदे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस संबंध में जब ग्राम विकास अधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को मानीकलां में रोस्टर लगने पर सफाई कार्य कराया जाएगा। हालांकि, लोगों का आरोप है कि उन्हें लगातार केवल आश्वासन ही मिल रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली जाम होने से गंदा पानी गलियों और घरों के आसपास जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
गौरतलब है कि एक ओर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रत्येक गांव और कस्बे में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मानीकलां में लंबे समय से जाम नाली और सफाई व्यवस्था की बदहाली प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से शीघ्र नाली की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।



















