
ललितपुर में 78 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में पूर्व IPS समेत 7 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
ललितपुर में 78 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट में पूर्व IPS समेत 7 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
ललितपुर ( उत्तरशक्ति )। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 78 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक राजाराम गोस्वामी ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में पूर्व आईपीएस अधिकारी एलवी एंटोनी देवकुमार सहित सात लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में राजाराम गोस्वामी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसकी सुनवाई 16 जुलाई को प्रस्तावित थी। परिजनों के अनुसार, वह लंबे समय से इस मुकदमे को लेकर मानसिक तनाव में थे।
सुसाइड नोट में राजाराम गोस्वामी ने आरोप लगाया कि उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने लिखा कि उन्हें गंदा पानी पिलाने की कोशिश की गई, विरोध करने पर बीच सड़क पर उनके कपड़े उतरवाए गए, लाठियों से पीटा गया और बाद में उन्हें ही जेल भेज दिया गया। उन्होंने यह भी लिखा कि वर्षों से मानसिक पीड़ा झेलते-झेलते वह पूरी तरह टूट चुके हैं।
नोट में उन्होंने तत्कालीन ललितपुर पुलिस अधीक्षक रहे और हाल ही में डीजी पद से सेवानिवृत्त हुए एलवी एंटोनी देवकुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि तत्कालीन एसपी के कार्यकाल में उनके खिलाफ झूठा SC/ST एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप मृतक के व्यक्तिगत दावे हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो
सकेगी।



















