
गाजीपुर:BPSC परीक्षा में एहतेशाम खान ने हासिल की 23वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर
गाजीपुर:BPSC परीक्षा में एहतेशाम खान ने हासिल की 23वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। जनपद गाजीपुर भांवरकोल क्षेत्र के फखनपुरा गांव निवासी एहतेशाम खान ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित नगर पालिका कार्यपालक पदाधिकारी परीक्षा में 23वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है।
एहतेशाम खान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के एक निजी विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय विद्यालय पुराना कैंट, प्रयागराज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से की। उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और लगातार मेहनत करते रहे।
उनकी सफलता के पीछे उनके पिता एकराम खान, जो भारतीय सेना में जवान हैं, का विशेष योगदान रहा। उन्होंने हर कदम पर बेटे का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। 20 जून को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद चयन सूची में नाम आने की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्रवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
एहतेशाम खान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम के साथ परिवार का समर्थन किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।























