
जौनपुर:प्रसाद चौराहे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत
जौनपुर:प्रसाद चौराहे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत
प्रियेश गुप्ता रुद्र नगर संवाददाता
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे के समीप सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कब्रुदीन निवासी रमेश कुमार (40) पुत्र रामदुलार सोमवार रात करीब 8:50 बजे स्कूटी से किसी आवश्यक कार्य से जौनपुर आए थे। प्रसाद चौराहे के पास चौकियां मार्ग की ओर जाने वाली गली के समीप सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक संख्या UP 50 CT 6131 को कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।





















