
मुरादाबाद ,उत्तर प्रदेश : 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलीवरी देख डॉक्टर भी रह गए हैरान
मुरादाबाद ,उत्तर प्रदेश : 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलीवरी देख डॉक्टर भी रह गए हैरान
मुरादाबाद ( उत्तरशक्ति )। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली क्षेत्र की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना ने एक बेहद दुर्लभ मामले में मुरादाबाद स्थित Teerthanker Mahaveer University अस्पताल में पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि दो बेटे और दो बेटियों का जन्म पूरी तरह सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) से हुआ, जिसे डॉक्टर भी किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अमीना की गर्भावस्था हाई रिस्क श्रेणी में थी, क्योंकि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे थे। आमतौर पर ऐसे मामलों में डॉक्टर सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह देते हैं, लेकिन यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बेहद सावधानी और लगातार निगरानी के साथ सामान्य प्रसव कराने में सफलता हासिल की।
डॉक्टरों ने शुरुआत में मां और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फीटल रिडक्शन की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने इसके लिए सहमति नहीं दी। इसके बाद अस्पताल की मेडिकल टीम ने पूरे मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए विशेष देखरेख शुरू की।
बताया जा रहा है कि 9 मई से 14 मई के बीच अमीना ने क्रमशः चार बच्चों को जन्म दिया। फिलहाल मां और चारों नवजात स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रशासन ने इसे अत्यंत दुर्लभ और चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया है।

























