
खेतासराय,जौनपुर:बारात में दूल्हे की गोली मारकर हत्या, शादी का माहौल मातम में बदला
खेतासराय,जौनपुर:बारात में दूल्हे की गोली मारकर हत्या, शादी का माहौल मातम में बदला
खेतासराय,जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाज़ार में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने बारात में जा रहे दूल्हे को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय आज़ाद बिंद की शादी खेतासराय के बीबीपुर (जमदहाँ) निवासी मोरख बिंद की पुत्री से तय थी। शुक्रवार को वह बारात लेकर जा रहा था। इसी दौरान बादशाही बाज़ार में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने दूल्हे को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानें बंद कर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान दूल्हे की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शादी का माहौल मातम में बदल गया। दोनों पक्षों में कोहराम मच गया। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है।
प्राथमिक तौर पर घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।