
जौनपुर:ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
जौनपुर:ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
प्रियेश गुप्ता,नगर संवाददाता ( जौनपुर )
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के शीतलगंज इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की साइड से हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक विंध्याचल धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शीतलगंज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चला रहे दीपक जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे मुकेश (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश चौरी चौरा क्षेत्र का निवासी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।






















