
जौनपुर:दोस्त के बुलाने पर पहुंचा युवक, पहले से घात लगाए हमलावरों ने किया जानलेवा हमला
जौनपुर:दोस्त के बुलाने पर पहुंचा युवक, पहले से घात लगाए हमलावरों ने किया जानलेवा हमला
प्रियेश गुप्ता, नगर संवाददाता (जौनपुर)
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक को बुलाकर उस पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़तला निवासी 26 वर्षीय हर्ष अग्रवाल को उसके परिचित करन बिंद ने फोन कर मौके पर बुलाया था। जैसे ही वह तूतीपुर मुफ्ती मोहल्ले के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने उसे घेर लिया और तलवार, चाकू, कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल हर्ष अग्रवाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लखन बिंद, कार्तिक बिंद समेत कई लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।


















