
जौनपुर: ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों व ईंट से किया लहूलुहान
जौनपुर: ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों व ईंट से किया लहूलुहान
रिपोर्ट: प्रियेश गुप्ता ‘रुद्र’
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। मछलीशहर थाना क्षेत्र के खरियामऊ गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आधा दर्जन से अधिक मनबढ़ युवकों ने ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब ग्राम प्रधान पंचायत में सरकारी अन्नपूर्णा भवन के निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान रमेश कनौजिया (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र मुन्नू राम कनौजिया, मंगलवार शाम करीब 5 बजे निर्माण स्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ मनबढ़ युवक वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। प्रधान द्वारा विरोध करने पर हमलावर उग्र हो गए और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद एक युवक ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जुटने लगे। भीड़ इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल प्रधान को आनन-फानन में मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हु
आ है।



















