
शाहगंज में रोज़ा इफ्तार का आयोजन, भाईचारे और सौहार्द का संदेश
शाहगंज में रोज़ा इफ्तार का आयोजन, भाईचारे और सौहार्द का संदेश
शाहगंज, जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। फरीद-उल-हक मेमोरियल डिग्री कॉलेज, सबरहद में रोज़ा इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। शीराज़-ए-हिंद जौनपुर से ताल्लुक रखने वाले नासिर जमाल (मुकीम हाल मुंबई) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोज़ेदारों, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
इफ्तार कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक जौनपुर सदर के साथ पूर्व मंत्री शैलेन्द्र ललई यादव, विधायक तूफानी सरोज सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. सरफराज अहमद (प्रतिनिधि, नगर पंचायत जफराबाद), फिरोज अहमद (अध्यक्ष, नगर पंचायत कचगांव), डॉ. नासिर खान और मोहम्मद अशहद खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत एक सेक्युलर और समावेशी देश है, जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। रमजान के पवित्र माह में ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को और मजबूत करते हैं।
इफ्तार के दौरान सभी ने एक साथ रोज़ा खोला और देश में अमन, शांति व तरक्की के लिए दुआ की। अंत में आयोजक नासिर जमाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
रमजान के इस पाक महीने में आयोजित यह कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने में सफल रहा।






















