Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर:अलविदा जुमे पर जौनपुर की मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ

0 51

 

जौनपुर:अलविदा जुमे पर जौनपुर की मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ

जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। रमजान माह के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमे के मौके पर शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की और देश-प्रदेश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।

शहर की प्रमुख शाही अटाला मस्जिद में मौलाना अहमद नवाज ने नमाजे जुमे की इमामत कराई, जबकि मौलाना आफाक ने रमजान की फजीलत बयान करते हुए कहा कि रमजान का महीना इबादत और बरकतों का महीना होता है। इस महीने में मुस्लिम समाज के लोग रोजा रखने के साथ विशेष नमाज तरावीह अदा करते हैं, जो केवल रमजान में ही पढ़ी जाती है।

वहीं शाही जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) में मौलाना अबू हुरैरा ने नमाज अदा कराई और मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआ कराई।

मदरसा हनफिया नवाब यूसुफ रोड स्थित मदीना मस्जिद में मौलाना अहमद रजा जाफरी ने नमाज पढ़ाई। इस दौरान मौलाना कयामुद्दीन ने अपने संबोधन में कहा कि रमजान इबादत के साथ-साथ गुनाहों से बचने और तौबा करने का भी महीना है।

खानकाह मस्जिद में मौलाना हाफिज मेराज ने कहा कि रमजान का महीना जरूरतमंदों, गरीबों, बेसहारा लोगों और विधवाओं की मदद करने का भी संदेश देता है।

इसके अलावा शाही किला मस्जिद, शाही झंझरी मस्जिद, शाही लाल दरवाजा मस्जिद, लाल मस्जिद, मोहम्मद हसन मस्जिद, इलाही मस्जिद उर्दू बाजार, आया मस्जिद, आलम मस्जिद, गौशाला मस्जिद, जकरिया मस्जिद, चहारसू मस्जिद, शाही पुल शेर मस्जिद, इंद्रा मार्केट मस्जिद, कचहरी मस्जिद, रेलवे स्टेशन मीरपुर मस्जिद और मियांपुर मस्जिद सहित शहर और आसपास की मस्जिदों में भी अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई।

मरकज़ी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफीज शाह ने बताया कि सभी जुमा मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नगर पालिका की ओर से मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था कराई गई और चूने का छिड़काव कराया गया, जिससे नमाजियों को सुविधा मिली।

उन्होंने प्रशासन द्वारा रमजान के दौरान उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे रोजेदारों और नमाजियों को काफी सहूलियत मिल रही है।

 

 

Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow