Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर:जन सेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

0 115

 

जौनपुर:जन सेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। जफराबाद थाना क्षेत्र में जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नगदी तथा अवैध असलहे बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में जफराबाद, गौराबादशाहपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

बताया गया कि गोसाईपुर गांव निवासी निशा देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति प्रेमचंद यादव जब जन सेवा केंद्र से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और बैग में रखा नकद पैसा लूट लिया। इस मामले में थाना जफराबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बुधवार की रात पुलिस टीम कबूलपुर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बेलाव पुल के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते में बाइक गिर गई। इसके बाद बदमाश बगीचे की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे।

फायरिंग में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि एक गोली थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में आदर्श यादव उर्फ अलगू निवासी विशुनपुर बसवत, दिवाकर कुमार निवासी सकरा और अमन यादव निवासी बगथरी थाना गौराबादशाहपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से .32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 27 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर 11 मार्च की रात गोसाईपुर गांव में जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लगभग 90 हजार रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटी थी। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 गोल्डी गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी नगर की बाइट।

 

 

Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow