
जौनपुर:सांड से टकराई बाइक, एक की मौत, एक घायल
जौनपुर:सांड से टकराई बाइक, एक की मौत, एक घायल
जौनपुर (उत्तरशक्ति )। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सांड से टकराकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बेलवा थाना फूलपुर के मूल निवासी संतोष पांडे (पुत्र स्व. महादेव पांडे) अपने मित्र मनोज यादव (40) पुत्र सूबेदार यादव निवासी देवकली थाना सरायख्वाजा के साथ बाइक से सब्जी लेने जा रहे थे। शाम करीब सात बजे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास अचानक एक सांड ने बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान संतोष पांडे की मौत हो गई। वहीं घायल मनोज यादव का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जाता है कि संतोष पांडे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी विभाग में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।














