
जौनपुर:अलविदा जुमे से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मस्जिदों का किया निरीक्षण
जौनपुर:अलविदा जुमे से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मस्जिदों का किया निरीक्षण
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। आगामी अलविदा जुमा को लेकर जनपद प्रशासन अलर्ट हो गया है। शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुवर अनुपम सिंह ने शहर की प्रमुख मस्जिदों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अटाला मस्जिद, शिया जामा मस्जिद और बड़ी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों का स्थलीय जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नमाज के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही नगर निकाय को मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस दौरान प्रशिक्षु आईपीएस सृष्टि जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।














