
जौनपुर:फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग, असली पत्रकारों की साख पर पड़ रहा असर : डॉ. इम्तियाज अहमद
फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग, असली पत्रकारों की साख पर पड़ रहा असर : डॉ. इम्तियाज अहमद
जौनपुर। भारत प्रेस क्लब (रजि.) वाराणसी मंडल के अध्यक्ष डॉ. इम्तियाज अहमद ने जनपद में बढ़ते फर्जी पत्रकारों के मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन दिनों कई ऐसे लोग सक्रिय हो गए हैं जो किसी भी मान्यता प्राप्त मीडिया संस्थान से जुड़े बिना ही फेसबुक और यूट्यूब चैनल बनाकर खुद को पत्रकार बताते हुए घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर गांव से लेकर शहर तक विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों और जागरूक लोगों से मुलाकात के दौरान यह मुद्दा प्रमुख रूप से सामने आया। लोगों का कहना है कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में विभिन्न स्थानों पर जाकर वसूली करने का प्रयास करते हैं, जिससे पत्रकारिता की छवि धूमिल हो रही है।
डॉ. इम्तियाज अहमद ने कहा कि ऐसे तथाकथित लोग “कुकुरमुत्ते” की तरह पत्रकार बनकर घूम रहे हैं, जिससे आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन पत्रकारों को उठाना पड़ रहा है जो वास्तव में किसी समाचार पत्र, टीवी चैनल या मान्यता प्राप्त संस्थान से जुड़े होकर जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब वास्तविक पत्रकार किसी से मिलने जाते हैं तो सामने वाला भी असमंजस में पड़ जाता है कि कौन सही पत्रकार है और कौन नहीं। इससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फर्जी पत्रकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पत्रकारों की पहचान तथा मान्यता की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि असली पत्रकारों की साख बनी रहे और समाज में पारदर्शिता कायम हो सके।













