
जौनपुर:जनपद स्तरीय प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0 बाल उत्सव धूमधाम से संपन्न
जौनपुर:जनपद स्तरीय प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0 बाल उत्सव धूमधाम से संपन्न
जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। जनपद स्तरीय प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0 बाल उत्सव का भव्य आयोजन डायट जौनपुर के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल एवं डायट प्रवक्ता डॉ. शैलेश कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत गाकर किया गया। डीसी बालिका शिक्षा शोभा तिवारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद जौनपुर में संचालित विभागीय नवाचारों एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में जनपद के 21 विकास खंडों के बालिका नोडल एवं ब्लॉक स्तर से चयनित 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। मेरे बदलाव की कहानी एवं कॉमिक्स बुक आधारित कहानी प्रतियोगिता बच्चों के लिए आयोजित की गईं। जिसमें जनपद स्तर से चयनित 5-5 बच्चों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा।
प्रतिभागी बच्चों ने मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी समग्र शिक्षा आलोक कुमार गुप्ता, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्रीमती शोभा तिवारी, एसआरजी टीम के सदस्य एवं विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।





