Take a fresh look at your lifestyle.

जौनपुर (उत्तरशक्ति ) l गुरु-शिष्य संवाद से ही शिक्षा सार्थक : राज्यपाल

0 40

 

 

जौनपुर (उत्तरशक्ति ) l गुरु-शिष्य संवाद से ही शिक्षा सार्थक : राज्यपाल

29 वॉ दीक्षांत समारोह में स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 79 मेधावियों को मिले 80 स्वर्ण पदक

जिलाधिकारी जौनपुर डॉ0 दिनेश चन्द्र की पुस्तक कर्म कुम्भ का मा0 राज्यपाल ने किया विमोचन
आंगनबाड़ी केंद्रों को प्रदान किया गया किट
निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेटेड बालिकाओं को किया गया प्रमाण पत्र वितरित
जौनपुर (उत्तरशक्ति ) l वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 29 वॉ दीक्षांत समारोह सोमवार को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 79 मेधावियों को 80 स्वर्ण पदक प्रदान किया। साथ ही 445 शोधार्थियों को पी.एचडी. और दो को डीलिट की उपाधि दी गई। इस वर्ष विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्नातक और परास्नातक के 80141 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई।  कुलाधिपति ने दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के डिवाइसेज एंड सेल्स प्रेसीडेंट सुनील दत्त को डी.एससी. की मानद उपाधि दी।
          कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है जब विद्यार्थी गुरु के पास बैठकर कक्षा में संवाद करें। इसी को ध्यान में रखते हुए 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य की गई है और इसका कड़ाई से पालन विश्वविद्यालयों को करना होगा। राज्यपाल ने शिक्षकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण भी करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में शोध गंभीरता के साथ होना चाहिए क्योंकि शोध ही देश और समाज के लिए उपयोगी होता है। इसके लिए शिक्षक और विद्यार्थी दोनों में जज्बा होना जरूरी है।
         उन्होंने कहा कि पुरातन ज्ञान, असंख्य पांडुलिपियों और आयुर्वेद में जिन औषधियों का जिक्र हैं, इस पर काम करने की जरुरत है।  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  ने इसी पर शोध करने की पहल की है जिससे समाज तक इसका लाभ पहुंच सके।  राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू करने का उद्देश्य आपसी ज्ञान का आदान-प्रदान कर शोध और नवाचार को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का विद्यार्थी जब कहीं प्रवेश लेता है तो वह संस्थान की नैक ग्रेडिंग, एनआईआरएफ रैंकिंग और प्लेसमेंट को ध्यान में रखकर प्रवेश लेता है, इसलिए हर विश्वविद्यालय को अपनी गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी है, तभी विद्यार्थी उनके संस्थान में आएंगे।
          दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के डिवाइसेज एंड सेल्स प्रेसीडेंट  सुनील दत्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह स्वयं को इस गौरवपूर्ण अवसर पर उपस्थित पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की कुलपति एवं कुलाधिपति को मंच पर आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीक्षांत केवल अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है।
         उन्होंने ‘जियो की डिजिटल यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कैसे विश्वास, तकनीक और समावेशिता ने भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि “जब तकनीक सबके लिए होती है, तो समाज बदलता है।” जियो की कहानी इस बात का प्रमाण है कि मेड इन भारत डिजिटल क्रांति  प्रधानमंत्री  के डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के सपनों का साकार रूप है।
          दत्त ने भविष्य के लिए सात सिद्धांत साझा किये कि बड़ा सोचो, छोटा शुरू करो, तेजी से बढ़ो, निरंतर सीखो, असफलता से डरना छोड़ो, उपयोगकर्ता मत बनो, निर्माता बनों और तकनीक के साथ मानवीय बने रहो। असफलता से मत डरो, हर असफलता ने हमें सफलता के करीब पहुंचाया है। उनका मानना है कि पद से अधिक उद्देश्य महत्वपूर्ण है क्योंकि आपकी भूमिका नहीं आपका प्रभाव मायने रखता है। उन्होंने कहा कि अब भारत अनुसरण नहीं करता, बल्कि नेतृत्व करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे साहस, रचनात्मकता और उद्देश्यपूर्ण जीवन से समाज और देश का गौरव बढ़ाएँ।
            उच्च शिक्षा मंत्री  योगेंद्र उपाध्याय जी ने कहा कि जौनपुर की धरती ने सदैव प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को जन्म दिया है। उन्होंने रोबोट के निर्माता दिनेश पटेल, डीएनए वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह तथा पंडित रामभद्राचार्य जैसी महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में जौनपुर का अपना विशिष्ट स्थान है।
           मंत्री उपाध्याय डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “आज आपके चेहरे पर जो मुस्कान है, वह आपके माता-पिता के बलिदान और गुरुओं के संघर्ष के बिना संभव नहीं थी। ’माता-पिता, गुरु देव’भवः हमारी संस्कृति का मूल मंत्र है और विद्यार्थियों को इसे सदैव याद रखना चाहिए।
   उपाध्याय ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी डिग्री का उपयोग समाज की सेवा के लिए करें। उन्होंने कहा, आप जीवन के एक नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं। यह आपका टर्निंग पॉइंट है। देश और प्रदेश तेजी से बदल रहे हैं और विकसित भारत की कल्पना को साकार करना छात्रों और युवाओं के बिना संभव नहीं है।“ मंत्री ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम, कृष्ण, स्वामी विवेकानंद, चाणक्य, चंद्रगुप्त, स्वामी दयानंद, शिवाजी और राणा प्रताप जैसे महापुरुषों ने अपना शौर्य युवावस्था में ही विश्व को दिखाया था। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि पिछली शिक्षा नीतियों में इन महापुरुषों को उचित रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया।  उपाध्याय ने कहा, विकसित भारत बनाने के लिए हमें आत्मनिर्भर बनना होगा। स्वदेशी को अपनाते हुए हमें सामाजिक सरोकारों से जुड़ना होगा।
          प्रदेश की  उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक उपाधियां उनकी मेहनत और लगन का प्रतिफल हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन उपाधियों का उपयोग सही दिशा में राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। श्रीमती तिवारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, आगे के जीवन में आपको सफलता और असफलता दोनों का सामना करना पड़ेगा। इन्हीं चुनौतियों के बीच से आपको सफलता का रास्ता खोजना और बनाना होगा।  मंत्री  ने बेटियों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि वे देश की दशा और दिशा बदलने का सामर्थ्य रखती हैं। उन्होंने बेटियों से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा और योग्यता का उपयोग समाज और राष्ट्र के उत्थान में करें। श्रीमती तिवारी ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश शिक्षा का केंद्र बन गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने कई नए विश्वविद्यालय और कॉलेज स्थापित किए हैं। उन्होंने गर्व से कहा, “आंगनबाड़ी से लेकर विश्वविद्यालय तक की व्यापक शिक्षा व्यवस्था की सोच केवल हमारी सरकार के पास है।
          समारोह में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, शोध और नवाचार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस वर्ष समयबद्ध परीक्षा परिणाम घोषित किए गए, 303 शोधपत्र और 15 पेटेंट प्रकाशित हुए तथा स्कोपस पर 15695 साइटेशन और एच- इनडेक्स 56 प्राप्त हुआ। एनआईआरएफ रैंकिंग 2024 में उत्तर प्रदेश में दूसरा और भारत में 125वां स्थान मिला। डीएसटी-पर्स और समावेशी उच्च शिक्षा कार्यक्रम के तहत बड़े अनुदान प्राप्त हुए हैं, 22 शोध परियोजनाएं संचालित हैं और 9500 शोधग्रंथों के साथ प्रदेश में चौथा स्थान मिला। खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार हासिल हुए। नई तकनीकी पहल अंतर्गत ईआरपी पोर्टल लागू किया गया, विभिन्न विषयों में नई सीटें जोड़ी गईं और प्रवेश में 23 फीसदी वृद्धि हुई। हर विभाग में मेंटर शिक्षक नियुक्त किए गए तथा परिसर में सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक कदम उठाए गए। कुलपति ने कहा कि इन प्रयासों से विश्वविद्यालय अपने निर्धारित लक्ष्यों को निरंतर प्राप्त करेगा।
         बच्चों को राज्यपाल के हाथों मिला उपहार : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 29 वें दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव में आयोजित खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले अर्जुन, दिव्या यादव और राज चौहान को पुरस्कार दिया ।उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जफरपुर के कक्षा 08 के छात्र अर्जुन ने दहेज कुप्रथा पर दीक्षांत समारोह में भाषण दिया। इसके साथ ही जासोपुर, देवकली और जफरपुर के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं द्वारा पर्यावरण एवं जल संरक्षण गीत प्रस्तुत किया गया। कुलाधिपति जी ने राजभवन की तरफ से प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका एकता गुप्ता को पुस्तकें प्रदान किया। दीक्षांत समारोह के पूर्व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जी ने 9 से 14 वर्ष की उम्र की बालिकाओं को जिन्हें पूर्व में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन कराया गया था प्रमाण पत्र वितरित किया।
            रक्षित प्रताप सिंह को मिला अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक : विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के एम.ए. जनसंचार विषय में सर्वोच्च अंक पाने वाले विद्यार्थी को अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक दिया जाता है। वर्ष 2025 में एम.ए. जनसंचार विषय में सर्वोच्च अंक पाने पर रक्षित प्रताप सिंह को यह पदक मिला।
          500 आंगनबाड़ी को मिला किट : दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जौनपुर और गाजीपुर जनपद के 10 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किट प्रदान किया l दोनों जनपदों के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों को यह किट दिया जायेगा, इसमें 100 किट पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा एवं 200-200 किट जौनपुर और गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया।
           बटन दबाते ही डीजी लॉकर में अपलोड हुईं डिग्रियां : दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आईपैड का बटन दबाकर 2024-25 की स्नातक और स्नातकोत्तर की 80,141 डिग्रियों को डिजीलॉकर में अपलोड किया गया। विद्यार्थियों को इससे डिजीटल डिग्री आसानी से मिल जाएगी। डिजीलॉकर में उपकुलसचिव अजीत सिंह ने माननीय राज्यपाल के हाथों अपलोड कराया।
         हेलीपैड पर कुलपति समेत अधिकारियों ने किया स्वागत वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के हेलीपैड कुलाधिपति  का स्वागत कुलपति प्रो. वंदना सिंह,  विधायक बदलापुर  रमेश मिश्र एवं  विधायक शाहगंज  रमेश सिंह, जिलाध्यक्ष  पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुष्प भेंट कर किया।
           विश्वविद्यालय के शिक्षकों की 6 पुस्तकों एवं गतिमान पत्रिका का हुआ विमोचन : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित पुस्तक योग माहात्म्य तथा विश्वविद्यालय की वार्षिक पत्रिका गतिमान सहित शिक्षकों और शोध छात्रों की कुल छह पुस्तकों का विमोचन दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति एवं  राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी ने किया। योग माहात्म्य पुस्तक का संपादन प्रो. मनोज मिश्र और डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने किया है। सम्पादन मण्डल में डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. शशिकांत यादव रहे।
         इसी क्रम में डॉ. आलोक गुप्ता की पुस्तक एसेंशियल ऑफ़ इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राईट इन इंडिया, डॉ. सोनम झा, डॉ. नूपुर गोयल और डॉ. विकास चौरसिया की पुस्तक न्यू एरा ऑफ़ कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एंड बेसिक्स, डॉ. आलोक कुमार दास की पुस्तक टेक्स्ट बुक ऑफ़ मेडिकल केमिस्ट्री एंड मेडिसिनल प्रॉपर्टी तथा शोध छात्र रहे डॉ. शिवशंकर की पुस्तक तुलसी काव्य में लोकमंगल एवं समन्वय भावना का भी विमोचन किया गया।
           राज्यपाल  द्वारा इस दौरान जौनपुर जनपद के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की पुस्तक कर्म कुम्भ का भी विमोचन किया गया। इस पुस्तक में विश्व प्रसिद्ध दिव्य एवं भव्य महाकुंभ 2025 की प्रशासनिक दूरदर्शिता और अहर्निश जनसेवा भाव को विभिन्न दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
         445 विद्यार्थियों को पीएच.डी. और दो को मिली डी. लिट. की उपाधि : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह में इस बार कुल 445 शोधार्थियों को पीएच.डी. एवं डी.लिट. की उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें 292 पुरुष और 155 महिलाएं शामिल हैं। शोध उपाधियों के संकायवार वितरण पर नजर डालें तो कला संकाय सबसे आगे है, जहाँ 328 शोधार्थियों को उपाधि दी गई । इसके बाद शिक्षा संकाय के 46, विज्ञान संकाय के 28 और कृषि संकाय के 11 शोधार्थियों को यह सम्मान मिला । इसी तरह वाणिज्य संकाय से 8, प्रबंध अध्ययन संकाय (पीएच.डी. एवं डी.लिट.) से 10, औषध संकाय से 4, विधि से पांच और इंजीनियरिंग संकाय से 6 तथा अनुप्रयुक्त समाज विज्ञान एवं मानविकी संकाय से 1 शोधार्थी उपाधि मिलेगी। डी.लिट. (व्यावसायिक अर्थशास्त्र) की उपाधि एक पुरुष और एक महिला शोधार्थी को मिली।
         दीक्षांत समारोह में 79 मेधावियों को 80 स्वर्ण पदक : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के आगामी दीक्षांत समारोह में इस बार कुल 79 मेधावियों को 80 स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इनमें स्नातक और परास्नातक दोनों स्तरों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी शामिल हैं। इसमें स्नातक स्तर पर 24 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिला। इसमें 15 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। वहीं परास्नातक स्तर पर 55 विद्यार्थियों को 56 स्वर्ण पदक से नवाजा गया, जिसमें 32 छात्राएं और 23 छात्र हैं। दीक्षांत समारोह में एमए जनसंचार में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर रक्षित प्रताप सिंह को दो मेडल मिला। विश्वविद्यालय की तरफ से एक स्वर्ण पदक एवं अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक कुलाधिपति के हाथों मिला । कुल मिलाकर इस बार के दीक्षांत समारोह में 47 छात्राएं और 32 छात्र स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
          दीक्षांत समारोह में 5 शिक्षकों को मिला प्रशस्ति पत्र : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पाँच शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संकाय से डॉ. विक्रांत भटेजा, प्रबंध अध्ययन संकाय से प्रो. मानस पांडेय, विज्ञान संकाय से डॉ. सुजीत कुमार, सामाजिक विज्ञान संकाय से डॉ. जानवी श्रीवास्तव तथा विधि संकाय से डॉ. वनिता सिंह शामिल हैं। इन सभी को कुलाधिपति जी ने प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
           इस अवसर पर  राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जौनपुर श्रीमती मनोरमा मौर्या, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर संतोष कुमार वैश्य, उपजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 लक्ष्मी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Naat Download Website Designer Lucknow

Best Physiotherapist in Lucknow

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow