
जौनपुर: जगह जगह खोदी गई सड़कों पर सांसद ने जताई नाराजगी
जौनपुर: जगह जगह खोदी गई सड़कों पर सांसद ने जताई नाराजगी,
जौनपुर,(उत्तरशक्ति)।जिला स्तरीय समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सांसद सदर बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में तथा सह अध्यक्ष सांसद मछलीशहर सुश्री प्रिया सरोज, राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में उपायुक्त मनरेगा से मनरेगा अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों, भुगतान आदि की समीक्षा की गई। उपायुक्त मनरेगा को निर्देश दिया गया कि ग्राम पंचायतवार किए गए कार्य, भुगतान, मानक के सम्बन्ध में विस्तृत रिपोर्ट दे।
इस दौरान अध्यक्ष द्वारा एक्सईएन सिंचाई से नहरो में पानी की उपलब्धता तथा साफ-सफाई के सन्दर्भ में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया गया कि सील्ट सफाई के पश्चात टेल तक पानी पहुंचाने के साथ ही नहरों के किनारे साफ-सफाई तथा झाड़ियों की कटाई के निर्देश दिए। डीसीएनआरएलएम से सक्रिय समूहो के सन्दर्भ में जानकारी ली और समूहो की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। प्रधानमंत्री आवास के सन्दर्भ में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पात्र लोगों को लाभ दिलाये और पात्रों का नाम सर्वे में दर्ज कराते हुए अन्तिम सूची फाइनल करने से पहले सूची को जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। अध्यक्ष जी द्वारा जल जीवन मिशन (शहरी, ग्रामीण) के तहत जगह-जगह खोदी गयी सड़कों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रिस्टोर कराने के निर्देश दिये गये।
इसके साथ ही सभी घरो तक पेयजल पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संतृप्त किसानों की सूची उपलब्ध कराये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से चिकित्सा व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों से अच्छा व्यवहार एवं डाक्टर की नियमित उपस्थित होनी चाहिए। मुंगराबादशाहपुर में महिला चिकित्सक की नियुक्ति करने के निर्देश दिये गये। शाहगंज में हेल्थ एटीएम ठीक कराने के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही पीएचसी सुईथाकला में एक्सरे मशीन जो विगत कई वर्षो से टेक्निशियन के अभाव में अनुपयोगी पड़ा हुआ है।उसे उपयोगिता में लाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये। प्राथमिक स्वास्थय केन्द्रों के जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिये गए। जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि समस्त अधिकारी जनप्रतिनिधियों के नम्बर अपने फोन में सुरक्षित रखे तथा उनके कॉल का प्रत्युत्तर अवश्य दे। विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, केराकत तूफानी सरोज, शाहगंज रमेश सिंह, मड़ियाहूं डा0 आर के पटेल, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



